– वार्ड 44 में लोकेन्द्र सिंह भाटी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, सांसद बोले-जनता बदलाव के मूड में, विकास के लिए कांग्रेस को दें मौका
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 44 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी लोकेन्द्र सिंह भाटी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा ने किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़सरा, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और जोश है।

उन्होंने भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और लोगों में सरकार के प्रति रोष है। इंदौरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल, नालियों की सफाई और विकास सहित अनेक कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इससे आमजन परेशान है और इस बार जनता बदलाव चाहती है।
पूर्व कांग्रेस बोर्ड के विकास कार्य गिनाए
सांसद ने कहा कि पूर्व में जब हनुमानगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड था, तब वर्तमान निर्दलीय विधायक सभापति थे और राजस्थान में भी कांग्रेस की सरकार थी। उनके अनुसार उस दौरान हनुमानगढ़ में व्यापक विकास कार्य हुए, जिन्हें जनता आज भी याद करती है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब ढाई वर्ष के भाजपा शासन में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इंदौरा ने दावा किया कि इस बार कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा।

निर्दलीय प्रत्याशियों को लेकर उन्होंने कहा कि स्पष्ट बहुमत के बिना स्थायी रूप से विकास कार्य करवाना मुश्किल होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दलीयों के माध्यम से खरीद-फरोख्त की स्थिति बन सकती है। उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की, ताकि नगर परिषद में स्थिर एवं प्रभावी बोर्ड बन सके और विकास योजनाओं को गति मिले।
‘दस साल पुराने मुद्दे होंगे पूरे’
कांग्रेस प्रत्याशी लोकेन्द्र सिंह भाटी ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है और लोगों में पार्टी के प्रति उत्साह नजर आ रहा है। उन्होंने जनता से अपने मत का प्रयोग कर बदलाव लाने की अपील की। भाटी ने कहा कि कांग्रेस का बोर्ड बनने पर पिछले दस वर्षों से चले आ रहे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। उन्होंने अपने वार्ड में नगर परिषद की ओर से सिक्योरिटी सिस्टम कमजोर होने का मुद्दा उठाते हुए इसे मजबूत करवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं को लगातार जनहित के स्तर पर उठाया जाएगा। नशे की समस्या से निपटने के लिए नशामुक्ति केंद्र खोलने के प्रयास किए जाएंगे तथा जरूरतमंदों के लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था करवाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने वार्डवासियों से विकास एवं जनहित के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
