– मां का आरोप-आरोपी पहले भी देता था धमकियां, पुलिस ने दर्ज किया मामला
हनुमानगढ़। टिब्बी थाना क्षेत्र के सिलवाला खुर्द गांव से 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां ने एक युवक पर उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में महिला ने आरोपी पर पूर्व में धमकियां देने तथा उसकी बेटी को देह व्यापार में धकेलने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। टिब्बी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण के आरोप संबंधी धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सिलवाला खुर्द निवासी महिला ने रिपोर्ट में बताया कि वह 9 सितंबर को सुबह करीब 7.15 बजे मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गई थी। करीब दो घंटे बाद वापस घर लौटने पर उसकी नाबालिग बेटी घर पर नहीं मिली। महिला ने घर और आसपास के क्षेत्र में तलाश की तथा पड़ोस में भी पूछताछ की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जोड़कियां निवासी अजय पुत्र भजनलाल मेघवाल उसकी नाबालिग बेटी के कम उम्र और नासमझ होने का फायदा उठाकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। महिला ने आशंका जताई कि आरोपी किशोरी को अपने कब्जे में लेकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गया है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी पूर्व में भी उसे फोन पर धमकाता रहा है। उसके अनुसार आरोपी धमकी देता था कि मौका मिलने पर वह उसकी बेटी और उसे नशीली दवा देकर उठाकर ले जाएगा तथा उसकी बेटी को देह व्यापार के धंधे में लगा देगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अन्य लड़कियों के अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर उसे धमकाता था तथा लड़कियों को झांसे में लेकर देह व्यापार में लगाने की बात कहता था। किशोरी के लापता होने के बाद आरोपी ने महिला के बेटे के मोबाइल फोन पर फोन किया। फोन पर आरोपी ने उसकी नाबालिग बेटी को अपने साथ ले जाने की बात कही और उसे देह व्यापार में लगाने की धमकी दी। महिला ने पुलिस से अपनी बेटी को जल्द तलाश कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक शिवनारायण को सौंपी गई है। पुलिस नाबालिग किशोरी की तलाश करने के साथ ही शिकायत में लगाए गए अपहरण, धमकी और देह व्यापार में धकेलने संबंधी आरोपों की जांच कर रही है।
