हनुमानगढ़। टाउन स्थित टाइम्स शिक्षा शास्त्री महाविद्यालय की छात्रा गगनदीप कौर ने शिक्षा के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर के आठवें दीक्षांत समारोह में गगनदीप कौर को शिक्षा शास्त्री (बीएड) परीक्षा में राज्य में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं राज्यपाल की ओर से गगनदीप कौर को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। उपलब्धि पर संस्था के चेयरमैन सागरमल लड्ढा ने कहा कि हनुमानगढ़ की बेटी ने जिले का नाम रोशन करते हुए राजधानी में अपनी सफलता का परचम लहराया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरपी जांगू ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रा की मेहनत, लगन और महाविद्यालय स्टाफ के मार्गदर्शन का परिणाम है। संस्था निदेशक गोपाल लड्ढा एवं कपिल लड्ढा ने गगनदीप कौर को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गगनदीप कौर की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में स्टाफ एवं विद्यार्थियों में खुशी का माहौल रहा। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
