हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र की बावरियांवाली ढाणी में घर का ताला तोड़कर 40 हजार रुपए नकद चोरी करने का मामला सामने आया है। वारदात पास ही स्थित एयू बैंक के सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। सदर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बावरियांवाली ढाणी निवासी जगतार सिंह (42) पुत्र दलीप सिंह बावरी ने रिपोर्ट दी कि 10 सितंबर को सुबह करीब 9 बजे उसके घर पर ताला लगा हुआ था। आरोप है कि राजेन्द्र व सोनू पुत्र रणजीत निवासी बावरियांवाली ढाणी ने घर के गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और संदूक में रखे 40 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। आरोपियों ने घर में रखा कीमती सामान भी तोड़ दिया, जिससे काफी नुकसान हुआ। परिवादी के अनुसार पूरी वारदात पास ही स्थित एयू बैंक के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चोरी की रकम बरामद करवाने की मांग की गई है। रिपोर्ट के आधार पर सदर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल विष्णु कुमार को सौंपी गई है।
