– कार्यस्थल पर बेहतर वातावरण बनाने के साथ गेटकीपर ट्रेनिंग से बढ़ाई जाएगी जागरूकता- 10 अक्टूबर तक चलेगा मानसिक स्वास्थ्य माह
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य माह के अंतर्गत मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम में आईएमए एवं एनजीओ के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस 10 सितंबर से 10 अक्टूबर तक पूरे राजस्थान में मानसिक स्वास्थ्य माह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला स्तरीय अधिकारियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य ‘मनदर्पणÓ पहल के तहत मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ कार्यस्थल पर बेहतर और सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान युवाओं सहित आमजन में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े लक्षणों की पहचान करने पर जोर दिया गया। गेटकीपर ट्रेनिंग के माध्यम से लोगों को यह सिखाया जाएगा कि यदि आसपास किसी व्यक्ति में मानसिक परेशानी के लक्षण दिखाई दें तो समय रहते उसकी पहचान कर उसे चिकित्सकीय परामर्श दिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। सीएमएचओ ने आमजन से टेली-मानस की हेल्पलाइन 14416 नंबर अपने मोबाइल फोन में सेव रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि मानसिक परेशानी, काउंसलिंग या किसी अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध है, जहां काउंसलर से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए वार्ड की व्यवस्था है। अस्पताल में साइकेट्रिस्ट की सेवाएं उपलब्ध हैं तथा मेडिकल कॉलेज में भी विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद हैं। साइकेट्रिस्ट की टीम नियमित रूप से फील्ड में जाकर शिविर आयोजित कर रही है। साथ ही नशामुक्ति के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मानसिक स्वास्थ्य को लेकर लंबे समय से कार्य किया जा रहा है, जबकि वर्तमान माह में विशेष रूप से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर फोकस किया जा रहा है।
