– बीसीसी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ने कहा-शहर के हित में जरूरत पड़ी तो हर कदम उठाएंगे
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस के सिंबल पर निर्वाचित पार्षदों ने मंगलवार को एसडीएम कोर्ट में शपथ ग्रहण की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन की अगुवाई में कांग्रेस के सभी निर्वाचित पार्षद कलक्ट्रेट पहुंचे और उपखण्ड अधिकारी के समक्ष शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद एसडीएम की ओर से निर्वाचित पार्षदों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शपथ ग्रहण के बाद सभापति पद को लेकर पूछे गए सवाल पर पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी स्तर पर निर्वाचित पार्षदों के साथ विचार-विमर्श के बाद आगामी निर्णय लिया जाएगा। नगर परिषद में कांग्रेस के महज 10 सीटों पर सिमटने के सवाल पर बीसीसी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ने कहा कि जनता जनार्दन है और उसका निर्णय सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि चौधरी विनोद कुमार के विधायक रहते कांग्रेस ने शहर में काफी विकास कार्य करवाए, लेकिन चुनाव में जनता का जनादेश सर्वोपरि है। जिनेन्द्र जैन ने कांग्रेस के अलग-अलग धड़ों में बंटे होने की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट था। टिकट वितरण में सभी से राय ली गई थी और किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया गया। सभापति पद के लिए बहुमत जुटाने के सवाल पर भाजपा से बातचीत की संभावना को लेकर जैन ने कहा कि राजनीति में हर दरवाजे खुले रहते हैं। शहर के विकास और हित के लिए आवश्यकता पड़ी तो पार्टी कोई भी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी एक परिवार की तरह होती है और परिवार का हमेशा साथ देना चाहिए।
