- 21 सितंबर को होगा अध्यक्ष पद का चुनाव, 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की होगी संवीक्षा
हनुमानगढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले की आठों नगर निकायों के सभी 290 वार्डों में पार्षदों का निर्वाचन 14 सितंबर को मतगणना प्रक्रिया पूरी होने के साथ संपन्न हो गया है। अब नगर निकायों में अध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया जारी है। अध्यक्ष पद के लिए 15 एवं 16 सितंबर को नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें जिले की आठों नगर निकायों में कुल 29 अभ्यर्थियों ने 41 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
संगरिया में सर्वाधिक 14 नामांकन
अध्यक्ष पद के लिए संगरिया नगरपालिका में सर्वाधिक 9 अभ्यर्थियों ने 14 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं। हनुमानगढ़ नगर परिषद में 4 अभ्यर्थियों ने 6 नामांकन पत्र, नोहर में 2 अभ्यर्थियों ने 2, गोलूवाला में 2 अभ्यर्थियों ने 2, टिब्बी में 2 अभ्यर्थियों ने 3, रावतसर में 3 अभ्यर्थियों ने 6, भादरा में 3 अभ्यर्थियों ने 4 तथा पीलीबंगा में 4 अभ्यर्थियों ने 4 नामांकन पत्र जमा करवाए हैं।
17 सितंबर को होगी संवीक्षा, 18 सितंबर तक नाम वापसी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर, 2026 को अपराह्न 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा की जाएगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की इच्छुक अभ्यर्थी 18 सितंबर को अपराह्न 3 बजे से पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से नाम वापस लेने की सूचना दे सकेंगे।
21 सितंबर को पार्षद करेंगे अध्यक्ष का चुनाव
यदि अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन आवश्यक हुआ तो 21 सितंबर, 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक संबंधित नगर निकाय में निर्वाचित सदस्यों की बैठक आयोजित कर मतदान कराया जाएगा। अध्यक्ष पद के निर्वाचन में संबंधित नगर निकाय के निर्वाचित पार्षद ही मतदान करेंगे। निर्वाचन प्रक्रिया संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
