हनुमानगढ़। टाउन की रिचवुड विला कॉलोनी में गणेश महोत्सव के चलते भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। भगवान गणेश की आराधना के साथ प्रतिदिन होने वाली आरती और भजन-कीर्तन में कॉलोनीवासी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। गणपति बप्पा के जयकारों से कॉलोनी परिसर भक्तिमय नजर आ रहा है। महोत्सव के दौरान यजमान सुनील धूड़िया-शिवानी धूड़िया, आनंद अरोड़ा-सीमा अरोड़ा तथा रवि शर्मा-अंजना शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। भगवान गणेश एवं भगवान शिव की आरती की गई तथा गणेश जी को लड्डूओं का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों ने गणपति जी के जयकारों एवं भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरयाÓ के जयकारों के साथ भगवान गणेश से कॉलोनीवासियों पर कृपा बनाए रखने तथा सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। आयोजक अनुराधा शर्मा ने बताया कि गणेश जी की प्रतिमा मिट्टी से तैयार की गई है तथा इसमें ऑर्गेनिक रंगों का इस्तेमाल किया गया है। महोत्सव के अंतिम दिन प्रतिमा का पर्यावरण अनुकूल तरीके से कॉलोनी के पार्क में गड्ढा खोदकर विसर्जन किया जाएगा। इसके अगले दिन उसी स्थान पर पौधारोपण किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है। महोत्सव के आयोजक सुरेंद्र शर्मा एवं अनुराधा शर्मा ने बताया कि 15 सितंबर को विधिवत गणेश जी की मूर्ति स्थापना की गई थी। इसके बाद प्रतिदिन शाम 6.15 बजे आरती तथा रात 9.15 बजे भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। कॉलोनी की भजन मंडली के साथ महिलाएं और बच्चे भी उत्साहपूर्वक भजनों में शामिल हो रहे हैं। बच्चों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं की सहभागिता से गणेश महोत्सव में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कॉलोनीवासी मिलकर गणपति उत्सव को श्रद्धा और उमंग के साथ मना रहे हैं।
