हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में भाजपा ने 60 में से 15 वार्डांे में जीत दर्ज की है। चुनाव परिणामों में निर्दलीय पार्षदों की संख्या भी बड़ी रही है। ऐसे में सभापति चुनाव से पहले नगर परिषद में बोर्ड गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा नगर मंडल जंक्शन के अध्यक्ष आशीष पारीक ने कहा कि हाल ही में नगर निकाय चुनाव सम्पन्न हुए हैं और भाजपा ने चुनाव में पूरी मेहनत के साथ काम किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाने के करीब है। इसको लेकर सभी पार्षदों और अन्य लोगों से चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि बातचीत का रास्ता हमेशा खुला रहता है और इसी के तहत सभी से बात की जा रही है। पारीक ने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनेगा। निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल के खिलाफ सभापति चुनाव से पहले दर्ज मुकदमों को लेकर पूछे गए सवाल पर पारीक ने कहा कि जो गलत काम करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होना निश्चित है। उन्होंने दावा किया कि यह कार्रवाई भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए नहीं की जा रही है। बंसल से जुड़े पुराने मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनके अनुसार वर्ष 2003 में किए गए ‘कर्मÓ अब सामने आ रहे हैं और जब उसका दंड मिलने की बात है तो डरने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। पारीक ने कहा कि भाजपा ने हार को पचाया है और जीत को भी सहजता से स्वीकार करना जानती है। उन्होंने कहा कि पार्टी साफ मन से अपना काम कर रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आगामी पंचायत चुनावों में भाजपा अपना प्रधान और जिला प्रमुख बनाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि झूठे आडंबर रचकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले लोगों ने शहर में अराजकता का माहौल बनाया है। पारीक ने कहा कि जनता सब देख रही है और इसका जवाब देगी।
