हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना, राजस्थान राज्य महिला नीति एवं महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में पर्यावरण जागरूकता एवं स्वच्छता विषय पर विशेष व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. भावना ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण की रक्षा और स्वच्छता बनाए रखना सभी का मौलिक कर्तव्य है। स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं, विशेषकर छात्राओं से राजस्थान राज्य महिला नीति के उद्देश्यों के अनुरूप समाज में सकारात्मक बदलाव लाने तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की। मुख्य वक्ता किरण ढिल ने पर्यावरण और स्वच्छता के बीच संबंध पर प्रकाश डाला। उन्होंने कचरा प्रबंधन को जरूरी बताते हुए सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने की आवश्यकता बताई। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए विद्यार्थियों से कपड़े के थैलों का उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने गिरते भूजल स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए वर्षा जल संचयन को अपनाने पर जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों से जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन अनमोल शर्मा ने किया। इस मौके पर महिला नीति प्रभारी भागवंती, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजकुमार, ममता, प्रीति अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे।
