हनुमानगढ़। टाउन की बरकत कॉलोनी, वार्ड नंबर 47 की गली नंबर चार में अल्फा मार्केट के सामने आयोजित पांचवें गणेश महोत्सव का समापन शोभायात्रा और मूर्ति विसर्जन के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने धूमधाम से गणेश जी महाराज की शोभायात्रा निकाली। गणेश प्रतिमा को शेषनाग पर विराजमान कर शहर के मुख्य मार्गों से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। रास्ते में श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर गणपति बप्पा को विदाई दी। इसके बाद जंक्शन क्षेत्र स्थित खुंजा नहर में विधिवत रूप से गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। वार्ड के युवा करण ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से वार्डवासियों के सहयोग से गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष पांचवां गणेश महोत्सव मनाया गया। उन्होंने बताया कि इस बार शेषनाग पर विराजमान गणेश प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई, जबकि पिछले वर्ष गाय पर प्रतिमा रखकर शोभायात्रा निकाली गई थी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर हर वर्ष गणेश महोत्सव आयोजित किया जाता है। आयोजन के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
