हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव से करीब डेढ़ माह से लापता 80 वर्षीय बुजुर्ग का कंकाल नूरपुरा रोही स्थित एक खेत में मिला। कंकाल के पास मिले आधार कार्ड और जन आधार कार्ड के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान की। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी। परिवादी संजय (42) पुत्र रिछपाल नायक निवासी वार्ड नंबर 12, भाम्भूवाली ढाणी, डबलीबास पेमा ने बताया कि उसके पिता रिछपाल (80) पुत्र बगड़ाराम, 14 अगस्त को घर से लापता हो गए थे। इस संबंध में 20 अगस्त को सदर थाना में अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया गया था। परिवादी के अनुसार 29 सितंबर को राकेश पुत्र बृजलाल जाट ने उसे सूचना दी कि उनके रिश्तेदार बलवंतराम पुत्र हनुमानराम जाट निवासी नूरपुरा के खेत में एक व्यक्ति का कंकाल और कपड़े मिले हैं। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। कंकाल के पास रिछपाल का आधार कार्ड तथा उसकी पत्नी का जन आधार कार्ड मिला। इसके आधार पर परिजनों ने कंकाल की पहचान रिछपाल के रूप में की। घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजीव रॉयल मामले की जांच कर रहे हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
