संगरिया। एसकेएम पब्लिक स्कूल, ग्रामोत्थान विद्यापीठ के केशव ऑडिटोरियम में विश्व हृदय दिवस के अवसर पर हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हृदय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं की छात्राओं नुवेशिका एवं मन्नत ने किया। विद्यालय प्राचार्य एस.के. मुरारी ने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार एवं सकारात्मक सोच को हृदय स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। मुख्य वक्ता दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के ‘मंथन’ कार्यक्रम के अंतर्गत साध्वी राजविंदर भारती ने मनोरंजक कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को सफल एवं तनावमुक्त जीवन जीने के महत्वपूर्ण गुर बताए।

प्रोजेक्टर के माध्यम से पीपीटी प्रस्तुत कर तनाव प्रबंधन और सकारात्मक जीवनशैली की जानकारी दी गई। उन्होंने संतुलित खान-पान, नियमित शारीरिक गतिविधि, तनाव प्रबंधन तथा हृदय रोगों से बचाव के उपायों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। डॉक्टर कुलवींदर कौर ने मेडिकल साइंस के अनुसार हृदय रोगों के कारण एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी। संगरिया आश्रम की मुख्य साध्वी प्रीति भारती ने विद्यार्थियों को अध्यात्म एवं मेडिटेशन को जीवन में महत्व देने का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्राओं दीक्षा एवं सनमीत ने हृदय स्वास्थ्य और हृदय रोगों से बचाव विषय पर जागरूकता भाषण प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, योग नृत्य एवं लघु नाटिका के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और हृदय की देखभाल का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मार्गदर्शन शिक्षक सुनील, रमा देवी एवं सरिता बिश्नोई ने किया। कार्यक्रम समन्वयक आस मोहम्मद खान ने अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। ग्रामोत्थान विद्यापीठ के सचिव सुखराज सिंह सलवारा ने सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ को बधाई दी तथा भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
