– 33 लाख रुपए की लागत से खरीदे वाहन, अब शहर में 37 ऑटो टिपर करेंगे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण
हनुमानगढ़। दीपावली त्योहार के मद्देनजर शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने तथा नगर परिषद क्षेत्र में हाल ही में जुड़े आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरत को देखते हुए नगर परिषद की ओर से चार नए ऑटो टिपर खरीदे गए हैं। शुक्रवार को टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद इन नए ऑटो टिपरों को सफाई व्यवस्था के लिए रवाना किया गया। इस मौके पर नगर परिषद की नवनिर्वाचित सभापति मंजू रणवां, उपसभापति सोनू बंसल सहित पार्षद एवं नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे।

सभापति मंजू रणवां एवं उपसभापति सोनू बंसल ने बताया कि अब तक शहर में कचरा प्रबंधन एवं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए 33 ऑटो टिपर संचालित हो रहे थे। नगर परिषद क्षेत्र में हाल ही में आसपास के कुछ ग्रामीण क्षेत्र भी शामिल हुए हैं। ऐसे में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा प्रत्येक क्षेत्र में समय पर कचरा संग्रहण की सुविधा पहुंचाने के लिए 33 लाख रुपए की लागत से चार नए ऑटो टिपर खरीदे गए हैं।

चार नए वाहन शामिल होने के बाद नगर परिषद के ऑटो टिपरों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। इससे शहर की सफाई व्यवस्था को गति मिलने के साथ उन वार्डांे में भी समय पर कचरा संग्रहण की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जहां कचरा गाड़ियां नियमित रूप से नहीं पहुंच पा रही थीं। सभापति एवं उपसभापति ने कहा कि प्रयास रहेगा कि शहर का कोई भी कोना सफाई व्यवस्था से अछूता नहीं रहे। उपसभापति सोनू बंसल ने कहा कि जनता के पैसे को जनता की सुविधा के लिए खर्च करना नगर परिषद की प्राथमिकता है। 33 लाख रुपए का यह निवेश शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि संसाधन उपलब्ध करवाना नगर परिषद का काम है, लेकिन शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए आमजन का सहयोग भी जरूरी है। सभापति-उपसभापति ने शहरवासियों से अपील की कि कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित कचरा गाड़ियों में ही डालें तथा गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके सफाई कर्मचारियों को दें। गांधी जयंती के अवसर पर उन्होंने शहरवासियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे न तो स्वयं गंदगी फैलाएंगे और न ही दूसरों को गंदगी फैलाने देंगे।

