हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र के नूरपुरा, डबलीबास सरदारा में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने पत्नी पर किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर परिवार को खाने में नशीला या जहरीला पदार्थ देने और घर से नकदी व जेवरात चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया है। सदर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार परिवादी लालचन्द (73) पुत्र हरजीराम बावरी निवासी वार्ड नंबर 3, नूरपुरा, डबलीबास सरदारा ने सदर थाना पुलिस को रिपोर्ट दी। परिवादी ने बताया कि 24 सितंबर की रात वह अपने परिवार के साथ घर में खाना खाकर सो गया था। सुबह करीब 7 बजे उठने पर उसे और परिवार के सदस्यों को सिर चकराते महसूस हुए। घर संभालने पर परिवादी की पत्नी रेशमा घर से गायब मिली। साथ ही घर में रखे 20 हजार रुपए नकद, करीब 10 तोला चांदी एवं 2 तोला सोने के जेवरात भी गायब मिले। परिवादी ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी रेशमा ने किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर रात के खाने में नशीला या जहरीला पदार्थ मिला दिया और परिवार के गहरी नींद में होने का फायदा उठाकर नकदी व जेवरात चोरी कर साथ ले गई। परिवादी एवं परिजनों ने रेशमा की तलाश की तो पता चला कि वह पड़ोसी श्रवण कुमार उर्फ गोगी के साथ गई है। रिपोर्ट के आधार पर सदर थाना पुलिस ने श्रवण कुमार उर्फ गोगी के खिलाफ अपहरण के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मणलाल के सुपुर्द की गई है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
