हनुमानगढ़। निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल के बीजेपी कार्यालय पहुंचने से जुड़े मामले को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रामप्रताप का बयान सामने आया है। डॉ. रामप्रताप ने कहा कि वे रोज सुन रहे हैं कि यह मुकदमा हो गया और वह मुकदमा हो गया। उन्होंने विधायक के बीजेपी कार्यालय में प्रवेश को लेकर आश्चर्य जताते हुए सवाल उठाया कि विधायक पार्टी कार्यालय में घुसे कैसे। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने निर्दलीय विधायक पर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें हर तरीके से गिरा हुआ व्यक्ति बताया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी वारंट के डर से इस तरह का नाटक किया जा रहा है। डॉ. रामप्रताप ने बीजेपी को मजबूत और चरित्रवान पार्टी बताते हुए पार्टी की मजबूती पर भी जोर दिया। निर्दलीय विधायक को लेकर पूर्व मंत्री के इस बयान के बाद हनुमानगढ़ के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि, विधायक गणेशराज बंसल की ओर से इस बयान पर प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।
