– 17 खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में दिखाया दमखम, अंडर-14 टीम रही उपविजेता
हनुमानगढ़। जिला स्तरीय 70वीं तैराकी प्रतियोगिता में गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 26 स्वर्ण, 16 रजत एवं 4 कांस्य सहित कुल 46 पदक अपने नाम किए। 20 से 23 सितंबर तक एसकेएम पब्लिक स्कूल, संगरिया में आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर से करीब 350 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गांे में हिस्सा लिया। विद्यालय के 17 खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गांे की विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग में विद्यालय की टीम उपविजेता रही। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। तैराकी जैसे खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धि से विद्यालय और अभिभावकों का गौरव बढ़ा है तथा संस्था प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्था के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित करने की बात कही। संस्था के चेयरपर्सन वरुण यादव ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का प्रदर्शन उनकी प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना संस्था की प्राथमिकता है। विद्यालय के हेड स्विमिंग कोच शिवम कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय के 17 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें अंडर-17 वर्ग के 6 और अंडर-14 वर्ग के 7 विद्यार्थी शामिल थे। खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर 26 स्वर्ण, 16 रजत और 4 कांस्य पदक हासिल किए। विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और कोचिंग टीम को उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
