हनुमानगढ़। खेतों में पिछले करीब एक पखवाड़े से लगातार हो रही ट्यूबवैल की केबल चोरी की वारदातों पर अंकुश नहीं लगने से नाराज चक दो एसटीजी और एक एमओडी के किसानों ने मंगलवार को अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले जंक्शन थाने में ज्ञापन सौंपा। किसान सभा प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि लगातार चोरी की वारदातें होने के बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जा रही है। अखिल भारतीय किसान सभा के ओम स्वामी ने कहा कि खेतों की तरफ पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। खेतों में ट्यूबवैल की मोटरों के अलावा अन्य कीमती सामान भी रहता है। चोरों की ओर से केबल काटकर ले जाने से किसानों को दोहरा नुकसान उठाना पड़ रहा है। एक ओर कई दिनों तक ट्यूबवैल बंद रहने से फसल को समय पर पानी नहीं मिल पाता, वहीं दूसरी ओर चोरी हुई केबल दोबारा खरीदने पर किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि किसान जीत सिंह ने तीन दिन पहले थाने में प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद भी अन्य किसानों के खेतों में चोरी की वारदातें हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से मौका मुआयना करने के लिए खेत तक भी नहीं पहुंचा गया। इससे चोरों में पुलिस का भय नहीं है। ओम स्वामी ने कहा कि मजबूर होकर अखिल भारतीय किसान सभा की कमेटी को थाना पहुंचना पड़ा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि अज्ञात चोरों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान सभा अन्य संगठनों से अपील कर जंक्शन पुलिस थाने का घेराव करेगी। इस मौके पर ग्राम पंचायत मक्कासर के निवर्तमान सरपंच बलदेव सिंह, महेन्द्र गोदारा, जीत सिंह, इन्द्र सिंह, जनक सिंह, मक्खन सिंह, हर्ष गोदारा, धर्मंेद्र, शंकरदास, सुखविन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह, सुनील सहित कई किसान मौजूद थे।
