– नितिन गडकरी के संज्ञान के बाद केन्द्र सरकार का बड़ा स्पष्टीकरण- अब राज्य सरकार के सक्षम अधिकारी करेंगे मामलों का निस्तारण
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास स्थित जमीन के भूमि उपयोग परिवर्तन यानी कनवर्जन को लेकर लंबे समय से बनी असमंजस की स्थिति अब काफी हद तक साफ हो गई है। इस मामले को लेकर उठाई गई आवाज केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के संज्ञान में पहुंचने के बाद भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 25 सितंबर को महत्वपूर्ण परिपत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी है। मंत्रालय ने साफ किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की निर्धारित सीमा से बाहर स्थित भूमि के भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) तथा भवन रेखा एवं नियंत्रण रेखा से जुड़े मामलों में राष्ट्रीय राजमार्ग की कार्यान्वयन एजेंसियां, जिसमें एनएचएआई भी शामिल है, किसी प्रकार की मंजूरी जारी नहीं करेंगी। ऐसे मामलों का निस्तारण अब संबंधित राज्य सरकार के सक्षम विभाग एवं अधिकारियों की ओर से नियमानुसार किया जाएगा। मंत्रालय के स्पष्टीकरण का सीधा अर्थ है कि यदि कोई भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग की निर्धारित सीमा से बाहर है और उसका मामला भूमि उपयोग परिवर्तन से संबंधित है, तो केवल राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप होने के आधार पर उसे एनएचएआई से मंजूरी लेने के लिए भेजना आवश्यक नहीं होगा। संबंधित प्रकरण राज्य सरकार के सक्षम प्राधिकारी की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार निस्तारित किया जाएगा। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्गांे के किनारे भवन रेखा और नियंत्रण रेखा से संबंधित नियम बनाना, उनकी अधिसूचना जारी करना तथा उनका पालन करवाना संबंधित राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी ने कहा कि यह विषय आमजन, जमीन मालिकों, व्यापारियों और निवेशकों से सीधे जुड़ा हुआ है। लंबे समय से विभागीय अधिकार क्षेत्र को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी, जिसके कारण लोगों को परेशानी के साथ अनावश्यक देरी का सामना करना पड़ रहा था। केन्द्र सरकार के स्पष्टीकरण से अब संबंधित विभागों की जिम्मेदारी स्पष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को मंत्रालय के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए लंबित मामलों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण करना चाहिए। इससे आमजन को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी तथा विकास और निवेश से जुड़े कार्यांे को भी गति मिल सकेगी।
