हनुमानगढ़। सूरतगढ़ तहसील के ग्राम राजपुरा पिपेरन एवं पटवार हल्का टिलांवाली में सिंचाई विभाग की भूमि पर कब्जे और खड़ी फसल को लेकर शिकायत सामने आई है। इस संबंध में गांव डबलीबास पेमा निवासी गुरुदेव सिंह ने बुधवार को सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता, हनुमानगढ़ को प्रार्थना-पत्र सौंपकर विभागीय भूमि पर खड़ी फसल को तत्काल प्रभाव से कुर्क कर नीलाम करवाने की मांग की। गुरुदेव सिंह ने बताया कि वह 10 मार्च 2026 से लगातार विभागीय भूमि पर हुए कब्जे के संबंध में विभाग को प्रार्थना-पत्रों के माध्यम से अवगत करवाता आ रहा है। उसका आरोप है कि पूर्व में विभागीय भूमि पर खड़ी हाड़ी की फसल को अतिक्रमणकारियों की ओर से काटकर उठा लिया गया, जिससे विभाग को लाखों रुपए का नुकसान हुआ। इस संबंध में अधिशाषी अभियंता, जीएफसी कंट्रोल, हनुमानगढ़ को कई बार शिकायत की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि राजपुरा पिपेरन के खसरा नंबर 300, 386, 412/1 तथा टिलांवाली के खसरा नंबर 22/7 और 116/3 में वर्तमान में फसल खड़ी है। उसने आशंका जताई कि फसल पककर तैयार होने के कारण अतिक्रमी इसे कभी भी काट सकते हैं। इसलिए फसल को तुरंत कुर्क कर नीलाम करवाने की मांग की। गुरुदेव सिंह ने यह भी कहा कि यदि विभाग उक्त फसल की नीलामी करवाता है तो वह प्रथम बोलीदाता के रूप में चार लाख रुपए की बोली लगाने को तैयार है। शिकायतकर्ता ने विभाग से मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत करवाने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो राजकोष को होने वाली क्षति की जिम्मेदारी विभाग की रहेगी। गुरुदेव सिंह ने विभाग से विभागीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा खड़ी फसल के संबंध में नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।
