हनुमानगढ़। पुणे में एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित वेस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सोमनाथ स्पोर्ट्स क्लब से जुड़े होनहार एथलीट प्रवीण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-20 वर्ग के हेप्टाथलन इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रवीण की इस उपलब्धि पर खेल जगत एवं साथी खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। स्वर्ण पदक जीतकर हनुमानगढ़ लौटे प्रवीण का केन्द्रीय विद्यालय खेल मैदान, जंक्शन पहुंचने पर सोमनाथ स्पोर्ट्स क्लब की ओर से अभिनंदन किया गया। क्लब के संरक्षक एवं कोच सुनील सामरिया ने प्रवीण का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा मिठाई वितरित कर खुशी जताई। उन्होंने प्रवीण को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। कोच सुनील सामरिया ने बताया कि प्रवीण पूर्व में भारतीय खेल प्राधिकरण के बेंगलुरु केन्द्र में भी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुका है। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और मेहनत के बल पर प्रवीण ने वेस्ट जोन स्तर पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस मौके पर चेतराम, योग प्रशिक्षक रमेश अरोड़ा, क्लब संरक्षक विक्रम सिंह मान सहित एथलीट, खिलाड़ी एवं बच्चे मौजूद रहे। सभी ने प्रवीण को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
