– ‘स्वास्थ्य दल आपके द्वार’ अभियान का तीसरा चरण शुरू- मलेरिया-डेंगू से बचाव के लिए आमजन को किया जा रहा जागरूक
हनुमानगढ़। मानसून के बाद मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में ‘स्वास्थ्य दल आपके द्वार’ अभियान का तीसरा चरण शुरू कर दिया गया है। अभियान के तहत चिकित्साकर्मी, एएनएम एवं डीबीसी कार्मिक घर-घर जाकर आमजन को मलेरिया, डेंगू सहित अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक कर रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से घरों में पानी के पात्रों, गमलों, पुराने टायरों तथा छतों पर जमा पानी की जांच की जा रही है। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए जमा पानी को खाली करवाया जा रहा है तथा लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने और पानी एकत्रित नहीं होने देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्वास्थ्य दल घर-घर जाकर सर्दी, खांसी एवं जुकाम से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यकतानुसार दवा भी उपलब्ध करवा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य मौसमी बीमारियों की समय रहते पहचान, रोकथाम एवं नियंत्रण सुनिश्चित करना तथा आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। आमजन को स्वास्थ्य शिक्षा दी जा रही है कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने दें, पानी की टंकियों और पात्रों को ढककर रखें तथा बुखार या अन्य लक्षण होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सकीय परामर्श लें। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा ने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए सभी नागरिक अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाएं। घरों में पानी के पात्रों, गमलों, कूलर, पुराने टायरों तथा छतों पर पानी जमा नहीं होने दें। पानी की टंकियों एवं बर्तनों को ढककर रखें और नियमित रूप से उनकी सफाई करें। उन्होंने नागरिकों से पूरी बाजू के कपड़े पहनने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया। जिले में एंटीलॉर्वल एक्टीविटी, अन्य विभागों के साथ समन्वयक एवं आमजन को स्वास्थ्य शिक्षा दी जा रही है।
जिला कलक्टर ने आमजन से की साफ-सफाई रखने की अपील
जिले में मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने आमजन से अपने घरों और आसपास साफ-सफाई रखने तथा मच्छरों को पनपने से रोकने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समस्त चिकित्सा संस्थानों पर सर्दी, जुकाम, बुखार सहित मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए दवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने आमजन से स्वास्थ्य विभाग की टीमों को घर-घर सर्वे एवं जांच के दौरान सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता और सतर्कता से ही मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
