हनुमानगढ़। नवरात्र के दौरान सालासर और पल्लू धाम की ओर पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यातायात पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत श्रद्धालुओं के बैगों पर रेडियम लगाए जा रहे हैं, ताकि रात के समय वाहन चालकों को वे दूर से दिखाई दे सकें। साथ ही पदयात्रियों को फल और पानी वितरित कर सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया जा रहा है। मंगलवार को टाउन स्थित यातायात शाखा के बाहर यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने श्रद्धालुओं के बैगों पर रेडियम चिपकाए। इस दौरान उन्हें सड़क के किनारे-किनारे चलने की समझाइश भी की गई। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि नवरात्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल सालासर और पल्लू धाम जा रहे हैं। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशानुसार उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। श्रद्धालुओं को पानी और फल भी वितरित किए जा रहे हैं। अनिल चिन्दा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जगह-जगह जागरूकता बोर्ड भी लगाए गए हैं। पदयात्रियों से अपील की जा रही है कि वे सड़क पर चलने या बैठने के बजाय सड़क के किनारे चलें। रात के समय टॉर्च का उपयोग करें और कचरा सड़क पर नहीं फेंकें, ताकि यातायात बाधित न हो और यात्रा सुरक्षित बनी रहे। उन्होंने बताया कि बैगों पर रेडियम लगाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों को भी किया जा रहा जागरूक
यातायात पुलिस की इंटरसेप्टर और मोटर साइकिल टीमें रावतसर-संगरिया रोड पर लगातार अनाउंसमेंट कर रही हैं। श्रद्धालुओं से कहा जा रहा है कि वे झुंड बनाकर सड़क पर चलने के बजाय कतार में सड़क के किनारे चलें। इससे पीछे से आने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी नहीं होगी और हादसों का खतरा कम किया जा सकेगा। वहीं, भारी वाहन चालकों को भी तेज गति से वाहन नहीं चलाने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
