– ओपीडी स्लिप पर लगाई जा रही मतदान जागरूकता की मोहर, चिकित्सा संस्थानों में दिलाई जा रही मतदान की शपथ
हनुमानगढ़। पंचायत राज चुनाव के तहत आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में जिले के चिकित्सा संस्थानों में मतदान जागरूकता को लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत चिकित्सा संस्थानों में आने वाले मरीजों की ओपीडी स्लिप पर मतदान जागरूकता की मोहर लगाई जा रही है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए आने वाले लोगों तक मतदान का संदेश पहुंचे और वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित हों। इसके साथ ही चिकित्सा संस्थानों में उपचार के लिए आने वाले रोगियों, उनके परिजनों तथा अन्य लोगों को मतदान करने की शपथ दिलाई जा रही है। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा लोगों को समझाया जा रहा है कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में नागरिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। विभाग द्वारा चिकित्सा संस्थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति तक मतदान जागरूकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ओपीडी स्लिप पर जागरूकता की मोहर लगाने और शपथ दिलाने जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति सजग बनाने के साथ ही अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया जा रहा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि पंचायत राज चुनाव में अधिकाधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र की मजबूती में सहभागी बनें। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे मतदान के महत्व को समझें, स्वयं मतदान करें तथा दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
