पल्लू। मां ब्रह्माणी मेला स्थल, पल्लू पर खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र के मिठाई विक्रेताओं, होटल संचालकों एवं दुकानदारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हनुमानगढ़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने सभी मिठाई विक्रेता एवं होटल संचालकों से कहा कि खाद्य पदार्थों की शुद्धता का विशेष ध्यान रखें। मिठाई निर्माण में उपयोग किए जाने वाले मावे की खरीद नियमानुसार की जाए तथा मावे की खरीद का प्रमाणित बिल एवं आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से अपने पास रखें। मावे एवं अन्य खाद्य सामग्री की खरीद विश्वसनीय स्रोतों से ही की जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कभी भी निरीक्षण किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट, गुणवत्ता में कमी अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
नकली दूध एवं मिलावटी सामग्री के उपयोग पर सख्त चेतावनी
बैठक में दुग्ध आपूर्ति करने वाले व्यक्तियों को भी निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में कहीं भी नकली दूध की आपूर्ति नहीं होनी चाहिए। मिठाई निर्माण में किसी भी प्रकार की मिलावटी अथवा अमानक सामग्री का उपयोग नहीं किया जाए। होटल, दुकान एवं मिठाई भंडारों में कार्यरत कर्मचारियों के आवश्यक स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र भी नियमानुसार उपलब्ध होने चाहिए। सभी व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा से संबंधित नियमों का पूर्ण पालन करने तथा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में 15 से 20 होटल एवं प्रतिष्ठान संचालक हुए शामिल
बैठक में क्षेत्र के लगभग 15 से 20 होटल संचालक, मिठाई विक्रेता एवं अन्य प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी को खाद्य पदार्थों की शुद्धता बनाए रखने, मिलावट से बचने तथा निरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाने के संबंध में समझाइश दी गई। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान डॉ. नवनीत शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, हनुमानगढ़; डॉ. अशोक कुमार, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पल्लू तथा रोहितास, सेक्टर हेल्थ सुपरवाइजर डीईओ महेंद्र कुमार अकाउंटेंट रामचंद्र सैनी उपस्थित रहे। इस अवसर पर महामाया होटल से संतलाल, शिव शक्ति होटल से रतिराम, बीकानेर स्टोर एंड रेस्टोरेंट से शंकर सिंह, ऊंटवालिया मिष्ठान भंडार से रामनिवास, भाई-भाई रसगुल्ला भंडार से रामस्वरूप, नीलकंठ मिष्ठान भंडार से कुलदीप, करणी मिष्ठान भंडार से लाल सिंह, जोधपुर स्वीट एंड रेस्टोरेंट से गोविंदराम सहित महेंद्र कुमार, मनोज कुमार, प्रभु, जोशी, प्रदीप कुमार एवं अन्य प्रतिष्ठान संचालक उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने, खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सीएचसी पल्लू का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
मेला स्थल पर आयोजित बैठक के साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पल्लू का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान डी डी सी, लैब, आपातकालीन सेवाओं, महिला वार्ड, पुरुष वार्ड सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं सेवाओं की जांच की गई। अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में कार्य संतोषजनक पाया गया। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
