– गीतांश कस्वां, अगमजोत सिंह और गुर एकम सिंह की तिकड़ी ने जीता गोल्ड मेडल
हनुमानगढ़। मदान इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने सीबीएसई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर चैंपियनशिप अपने नाम की। विद्यालय के गीतांश कस्वां, अगमजोत सिंह और गुर एकम सिंह ने अंडर-14 राइफल शूटिंग बालक टीम वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल कर विद्यालय के साथ राजस्थान का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 14 अक्टूबर तक दिल्ली पब्लिक स्कूल, नाचारम, सिकंदराबाद, तेलंगाना में किया गया। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शुक्रवार को विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मदान एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेन्द्र मदान, मुख्य अतिथि रघुवीर सिंह राठौड़, विद्यालय चेयरमैन सुनील मदान और प्रधानाचार्य भावना मित्तल ने खिलाड़ियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर स्केटिंग के लिए चयनित लावण्या बारा सहित विभिन्न खेलों में राज्य स्तर पर चयनित 21 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। बैडमिंटन के 14 वर्षीय आयु वर्ग में सिद्दक सिंह तथा 17 वर्षीय वर्ग में एकम कौर और करण बेनीवाल, तैराकी के 14 वर्षीय वर्ग में भूमित बेनीवाल, कार्तिक, अरनव डेलू, मानविक बिश्नोई, भव्या और हिमांशी तथा 17 वर्षीय वर्ग में लक्ष्य फुलिया को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार टेबल टेनिस के 17 वर्षीय वर्ग में हेमंत सहारण, स्केटिंग के 14 वर्षीय वर्ग में सायशा और 19 वर्षीय वर्ग में लावण्या बारा, शूटिंग के 14 वर्षीय वर्ग में भाविका सहारण, 17 वर्षीय वर्ग में मोहम्मद आदिल, दिवित सहारण और भाविका तथा 19 वर्षीय वर्ग में हरशिका सहारण और मनसांझ सिंह सिद्ध को सम्मानित कर आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
खेलों से विकसित होता है अनुशासन और आत्मविश्वास
विद्यालय चेयरमैन सुनील मदान ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और नई पहचान बनाने का अवसर मिलता है। प्रधानाचार्य भावना मित्तल ने कहा कि हनुमानगढ़ जैसे शहर के विद्यार्थियों का राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना गर्व की बात है। विद्यालय में शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ खेल प्रतिभाओं को भी समान महत्व दिया जाता है। उन्होंने तीनों राष्ट्रीय पदक विजेताओं सहित अन्य खिलाड़ियों और शारीरिक शिक्षक सद्दाम हुसैन, मुकेश, पतराम तथा कोच परमजीत सिंह के प्रयासों की सराहना की।
