– विजेता को एक लाख और पांच पहलवानों को 50-50 हजार रुपए का इनाम, युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों से जोड़ने पर जोर
हनुमानगढ़। गांव मक्कासर में शुक्रवार को तीसरे कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। सुखा सिंह पहलवान की ओर से ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित दंगल में राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए करीब 100 नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी देने का प्रयास किया। प्रतियोगिता में विजेता पहलवान को एक लाख रुपए की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया, जबकि पांच अन्य पहलवानों को 50-50 हजार रुपए के पुरस्कार प्रदान किए गए। अन्य प्रतिभागियों का भी सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने दंगल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेलों से युवाओं को जोड़ना वर्तमान समय की जरूरत है।

जिले में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए युवाओं को खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। गांव-गांव में इस तरह के आयोजन होने चाहिए, ताकि युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाएं और खेलों में भविष्य बनाने के अवसर प्राप्त कर सकें। आयोजकों ने बताया कि मक्कासर गांव का कुश्ती से पुराना जुड़ाव रहा है और यहां से बड़ी संख्या में पहलवान निकले हैं। उस्ताद दर्शन सिंह लंबे समय से गांव में अखाड़ा संचालित कर रहे हैं। उनके अखाड़े में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कई पहलवान सरकारी नौकरियों में चयनित हो चुके हैं। आयोजकों के अनुसार, दंगल आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को खेलों से जोड़ना, कुश्ती की परंपरा को आगे बढ़ाना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
