– डीसीसी अध्यक्ष बोले-पाकिस्तान पर बयान देकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने किया शहीदों का अपमान
हनुमानगढ़। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की ओर से पाकिस्तान को लेकर दिए गए एक कथित विवादित बयान के बाद सियासी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। मदन राठौड़ पर आरोप है कि उन्होंने एक बयान में कहा था कि ‘अगर पाकिस्तान और अमेरिका के बीच भिड़ंत (युद्ध) होती है, तो हम पाकिस्तान के साथ हैं।Ó कांग्रेस ने इस बयान को देशविरोधी और गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए मदन राठौड़ को आड़े हाथों लिया है। इस बयान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को जंक्शन स्थित डीसीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार हुए प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनके बयान की कड़ी निंदा की। इसे भाजपा की विचारधारा से जोड़कर सवाल उठाते हुए मदन राठौड़ के इस्तीफे की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, पीसीसी सदस्य मनीष धारणिया, महासचिव गुरमीत सिंह चन्दड़ा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर मनीष मक्कासर ने आरोप लगाया कि मदन राठौड़ ने शुक्रवार को बयान दिया था कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होने पर भाजपा के लोग पाकिस्तान की मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बयान से भाजपा का पाकिस्तान के प्रति रुख उजागर हुआ है। मक्कासर ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय पाकिस्तान का मुद्दा उठाकर वोट मांगने वाली भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष का यह बयान देश के शहीदों का अपमान है। मक्कासर ने कहा कि पाकिस्तान ने समय-समय पर भारत के लोगों और परिवारों को नुकसान पहुंचाया है, इसलिए ऐसे बयान देशवासियों की भावनाओं को आहत करते हैं। उन्होंने मांग की कि मदन राठौड़ शहीदों के परिवारों सहित पूरे देश से माफी मांगें और अपने पद से इस्तीफा दें। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में जनता भाजपा को उसकी कथित दोहरी राजनीति का जवाब देगी। मक्कासर ने कहा कि बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता आगे भी धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर संगठन महासचिव मांगीलाल स्वामी, मोहनलाल इंदलिया, महावीर जांगू, प्रदीप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिद्धू, डॉ. प्रियंका चाहर, बलराज सिंह, पूर्व प्रधान कालूराम गोदारा, सुरेंद्र मारवाल, सीताराम कड़वा, हरप्रीत ढिल्लों, सोहनलाल लदोइया, रामचंद्र चौधरी, गुरलाल सिंह, ललकार सिंह, रामकिशन, सुरेंद्र बाबरा, मोहित बिश्नोई, अमनदीप और वारिस अली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
