हनुमानगढ़। नगर परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था के लिए ऑटो टिपर शुरू करने के कार्यक्रम में वार्ड नंबर 4 के नवनिर्वाचित पार्षद गुरदीप सिंह चहल को आमंत्रित नहीं करने पर विवाद खड़ा हो गया है। पार्षद चहल ने नगर परिषद अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे जनप्रतिनिधि की अनदेखी और वार्डवासियों की भावनाओं की उपेक्षा बताया है। इस मामले को लेकर कॉलोनीवासियों और वार्ड के लोगों में रोष व्याप्त है। पार्षद गुरदीप सिंह चहल ने कहा कि नगर परिषद प्रशासन ने ऑटो टिपर के लोकार्पण के दौरान सभापति से फीता कटवाया, लेकिन वार्ड के निर्वाचित जनप्रतिनिधि को आमंत्रित करना उचित नहीं समझा। उन्होंने आरोप लगाया कि वह कई बार अधिकारियों और कर्मचारियों से कॉलोनी में ऑटो टिपर लगाने का अनुरोध कर चुके थे, लेकिन जब इसे शुरू करने का समय आया तो उन्हें कार्यक्रम से दूर रखा गया। चहल ने कहा कि जनप्रतिनिधि को आमंत्रित नहीं करना केवल उनका अपमान नहीं, बल्कि वार्डवासियों की भावनाओं की अनदेखी भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक श्रेय लेने की मंशा से ऐसा किया गया, जिससे लोगों में नाराजगी है। पार्षद गुरदीप सिंह चहल ने नगर परिषद प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की भेदभावपूर्ण और मनमानी कार्यप्रणाली दोहराई गई तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगी। चहल के अनुसार, इस प्रकरण की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।
