हनुमानगढ़। टाउन के गुरु गोविंद सिंह नगर में अज्ञात चोर एक बंद मकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान चोर पेचकस सहित अन्य औजार घटनास्थल पर ही छोड़ गए। पीड़ित की ओर से इस संबंध में मुकदमा दर्ज करवाने के लिए टाउन पुलिस थाना में परिवाद प्रस्तुत कर मामले में कार्रवाई कर चोरों का पता लगाने की मांग की गई है। पुलिस को दी रिपोर्ट में ख्यालीराम पुत्र करतारा राम कुम्हार, निवासी गुरु गोविंद सिंह नगर, वार्ड नंबर 34, टाउन ने बताया कि 16 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह मकान पर ताला लगाकर परिवार सहित रिश्तेदारी में जागरण में गया था। अगले दिन सुबह करीब 7.15 बजे घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों, संदूक और अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी में रखी सोने की बिंटी, सोने का लॉकेट, नोज पिन, चांदी की दो जोड़ी पाजेब, चांदी का कड़ा, चांदी की 6-7 जोड़ी बिंटियां, तीन जोड़ी बिछिया और 1500 रुपए नकद गायब मिले। पीड़ित के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति रात के समय मकान के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। आसपास तलाश करने पर भी चोरों का कोई पता नहीं चला। चोर पेचकस सहित अन्य औजार मौके पर ही छोड़ गए। पीड़ित ने पुलिस को परिवाद सौंपकर चोरी का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और आरोपियों का पता लगाने की मांग की।
