- नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया जागरूक
हनुमानगढ़। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य द्वारा पुलिस थाना पीलीबंगा में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के उचित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आमजन से संवाद करते हुए नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा की तथा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने आमजन को नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया, ताकि नशे की रोकथाम एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इसके साथ ही साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, उनसे बचाव के उपायों तथा ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के संबंध में भी जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतें तथा साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। कार्यक्रम में विक्रम चौहान, सीओ रावतसर, राय सिंह सुथार, पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी पुलिस थाना पीलीबंगा सहित क्षेत्र के सीएलजी सदस्य, महिला -सीएलजी सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे। जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, समस्याओं के समाधान तथा नशामुक्त एवं साइबर अपराध मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
