– टक्कर से पिकअप का केबिन बुरी तरह पिचका, ट्रैक्टर से खींचकर निकाला शव; मृतक की पहचान नहीं, बस चालक-कंडक्टर मौके से फरार
हनुमानगढ़। रोड़ावाली रोड पर शनिवार को स्लीपर बस और पिकअप के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और चालक का शव केबिन में फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस को शव बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को खींचकर शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हादसे की सूचना मिलने पर सिटी थाने के उप निरीक्षक गजेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक के शव को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शव अंदर फंसा हुआ था। इसके बाद ट्रैक्टर मंगवाया गया। ट्रैक्टर से पिकअप के मुड़े हुए हिस्से को खींचकर अलग किया गया, जिसके बाद चालक का शव बाहर निकाला जा सका। पुलिस को मृतक के पास से तलाशी के दौरान एक टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला है। उसके पास कोई दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस पिकअप के पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन मालिक और मृतक के परिजनों का पता लगाने में जुटी है। टूटे मोबाइल फोन से भी पहचान संबंधी सुराग जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, हादसा सादुलशहर की तरफ से हनुमानगढ़ आ रही उत्तराखंड नंबर की स्लीपर बस (यूके 07 पीए 6796) और चूरू नंबर की पिकअप (आरजे 10 जीबी 9952) के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक जीरे की सप्लाई करने जा रहा था। हादसे के बाद स्लीपर बस का चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। दुर्घटना के कारण सड़क पर कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है और फरार बस चालक-कंडक्टर की तलाश की जा रही है।
