श्रीगंगानगर। पंचायतीराज चुनाव की सरगर्मियों के बीच श्रीगंगानगर में माकपा के जिला परिषद प्रत्याशी से दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगने और चुनाव मैदान से हटने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गैंगस्टर विशाल पचार के नाम से आए व्हाट्सएप कॉल में प्रत्याशी को दो टूक चेतावनी दी गई कि यदि उसने चुनाव नहीं छोड़ा तो उसे जान से मरवा दिया जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों से मामला पुलिस तक पहुंच गया है। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि ग्राम पंचायत 4 जेड के मोहनपुरा रोड स्थित 1 बी प्रथम निवासी बेअंत सिंह उर्फ बिट्टू प्रधान ने इस संबंध में शिकायत दी है। बेअंत सिंह ने जिला परिषद सदस्य के चुनाव में वार्ड संख्या 34 से माकपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है।
विदेशी नंबर से कॉल कर मांगे दो करोड़ रुपए
शिकायत के अनुसार 25 अक्टूबर की रात करीब 8 बजकर 47 मिनट पर बेअंत सिंह के व्हाट्सएप नंबर पर विदेशी नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर विशाल पचार बताते हुए दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। प्रत्याशी ने इतनी बड़ी रकम नहीं होने की बात कही तो कॉल करने वाले ने धमकाते हुए कहा कि उसे अच्छी तरह पता है कि उसके पास काफी पैसा है और वह चुनाव भी लड़ रहा है।
बोला- देखता हूं तू कैसे चुनाव लड़ता है
बेअंत सिंह के अनुसार कॉल करने वाले ने उसे जिला परिषद चुनाव से पीछे हटने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि यदि वह चुनाव मैदान से नहीं हटा तो उसे जान से मरवा दिया जाएगा। इतना ही नहीं, धमकी देने वाले ने कहा कि वह देखेगा कि बेअंत सिंह कैसे चुनाव लड़ता है और उसे अपनी तैयारी करके रखनी चाहिए। प्रत्याशी का आरोप है कि धमकियों का सिलसिला यहीं नहीं रुका। इसके बाद भी व्हाट्सएप कॉल के जरिए उसे डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। लगातार मिल रही धमकियों के बाद प्रत्याशी ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, कॉल करने वाले की तलाश
पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि जिला परिषद प्रत्याशी की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जिन विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल किए गए हैं, उनकी जांच की जा रही है। पुलिस कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और धमकियों के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल कॉल करने वाले व्यक्ति के गैंगस्टर विशाल पचार होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
चुनावी माहौल में धमकी से सुरक्षा पर सवाल
पंचायतीराज चुनाव के बीच एक प्रत्याशी से करोड़ों रुपए की फिरौती मांगने और चुनाव नहीं लड़ने देने की धमकी के मामले ने प्रत्याशियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच में स्पष्ट होगा कि धमकी के पीछे कौन है और इसका चुनाव से क्या संबंध है।
