हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में अर्थकला क्लब (कॉमर्स, आर्ट एवं मैनेजमेंट) की ओर से करवा चौथ उत्सव पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। डिप्टी एमडी डॉ. पूजा जुनेजा ने महिला स्टाफ सदस्यों को करवा चौथ की कथा सुनाई और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा सम्पन्न करवाई। पूजा के बाद महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिला स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और पारंपरिक संस्कृति का संगम देखने को मिला। अंत में सभी महिला स्टाफ सदस्यों को उपहार भेंट किए गए। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं परंपराएं हमारी सामाजिक और पारिवारिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। करवा चौथ जैसे पर्व आपसी प्रेम, समर्पण और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। विश्वविद्यालय में ऐसे आयोजनों से सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा मिलने के साथ कर्मचारियों को आपस में आनंदपूर्ण समय बिताने का अवसर मिलता है। डॉ. पूजा जुनेजा ने कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक मूल्यों एवं भारतीय परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ महिला कर्मचारियों में आपसी सौहार्द, एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
मेहंदी प्रतियोगिता में 50 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
इसी क्रम में अर्थकला क्लब की ओर से विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के करीब 50 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल की सदस्य पल्लोमी एवं सरगम ने प्रतिभागियों की मेहंदी कलाकृतियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों में आशा (बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर), दिव्या (बीएससी आयुर्वेद), सर्वजीत (बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर) एवं अश्विन (फिजियोथेरेपी) शामिल रहे। द्वितीय स्थान मंजू (बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर), प्रियंका (प्रथम सेमेस्टर) एवं रुमिका (शिक्षा विभाग) ने प्राप्त किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में डॉ. पूजा जुनेजा एवं डॉ. स्वाति ओझा मौजूद रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। अर्थकला क्लब की कोऑर्डिनेटर डॉ. ममता जैन एवं को-कोऑर्डिनेटर डॉ. रेखा के नेतृत्व में कार्यक्रम व प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
