- जिले की 6 पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, 5.73 लाख से अधिक मतदाताओं ने डाले वोट
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिले में तीसरे चरण में शामिल छह पंचायत समितियों में मंगलवार को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतदान के दौरान मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने भी लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। जिले में इन पंचायत समितियों में कुल 7 लाख 32 हजार 574 मतदाताओं में से जिला परिषद सदस्यों के लिए 5 लाख 73 हजार 34 मतदाताओं और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 5 लाख 73 हजार 31 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इस प्रकार जिले में कुल 78.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। तीसरे चरण में भादरा, हनुमानगढ़ जंक्शन, नोहर, पल्लू, पीलीबंगा और राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियां शामिल रहीं। इन क्षेत्रों में जिला परिषद के 24 वार्डों तथा पंचायत समितियों के कुल 130 सदस्य पदों के लिए 753 मतदान केंद्रों पर मतदान करवाया गया। मतदान के दौरान सभी क्षेत्रों में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।
भादरा में सर्वाधिक 80.25 प्रतिशत मतदान
पंचायत समिति वार मतदान के आंकड़ों के अनुसार भादरा में 1 लाख 6 हजार 96 मतदाताओं में से 85 हजार 139 ने मतदान किया। यहां 80.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हनुमानगढ़ जंक्शन में 1 लाख 3 हजार 208 मतदाताओं में से 77 हजार 677 ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 75.26 रहा। इसी प्रकार नोहर में 2 लाख 17 हजार 168 मतदाताओं में से 1 लाख 72 हजार 785 ने मतदान किया। यहां सर्वाधिक 79.56 प्रतिशत मतदान हुआ।

पल्लू में 76 हजार 467 मतदाताओं में से 60 हजार 886 ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 79.62 रहा। पीलीबंगा में 1 लाख 24 हजार 876 मतदाताओं में से 93 हजार 933 ने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां 75.22 प्रतिशत मतदान हुआ। राजपुरा (8 बीएचडी) में 1 लाख 4 हजार 759 मतदाताओं में से 82 हजार 611 ने वोट डाले। यहां मतदान प्रतिशत 78.86 रहा।
सरपंच और पंच पद के लिए 5 नवम्बर को मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित तृतीय चरण में शामिल जिले की 6 पंचायत समितियों की 205 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 2151 पंच पद के लिए 5 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए बुधवार, 4 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
मतदान शुरू होने के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव एवं पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने पंडितावाली, जाखड़ावाली, लोंगेवाला, दुल्माना एवं पीलीबंगा सहित विभिन्न गांवों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
चौथे चरण के लिए 4 नवंबर तक होंगे नामांकन
पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण में संगरिया, टिब्बी, रावतसर और हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। इस चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 14 नवंबर तथा सरपंच एवं पंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान करवाया जाएगा।

चौथे चरण के लिए पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 4 नवंबर को अपराह्न 3 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 5 नवंबर को होगी तथा अभ्यर्थी 6 नवंबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
चौथे चरण में अब तक 325 नामांकन दाखिल
चौथे चरण में शामिल चार पंचायत समितियों के 78 पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मंगलवार तक कुल 268 अभ्यर्थियों ने 325 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें हनुमानगढ़ टाउन के 19 पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 83 अभ्यर्थियों द्वारा 88 नामांकन पत्र, रावतसर के 17 पदों के लिए 55 अभ्यर्थियों द्वारा 66 नामांकन पत्र, संगरिया के 19 पदों के लिए 62 अभ्यर्थियों द्वारा 92 नामांकन पत्र तथा टिब्बी के 23 पदों के लिए 68 अभ्यर्थियों द्वारा 79 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए हैं।

