- अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान करवाने के निर्देश
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत गुरुवार को जिले की छह पंचायत समितियों की 204 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं पंच पदों के लिए होने वाले मतदान की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव एवं पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बुधवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देईदास, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भुकरका, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 22 एनटीआर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परलीका तथा रामगढ़ स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्वाचन संबंधी तैयारियों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता चौधरी, नोहर उपखंड अधिकारी श्रीमती सुनीता यादव, तहसीलदार श्री बजरंग लाल सहित अन्य निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।
