– ओपीएमएस के तहत 30 नवम्बर और ओएएमएस के जरिए 20 नवम्बर अंतिम तिथि, हार्डकॉपी में जमा कराने की व्यवस्था बंद
हनुमानगढ़। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने विद्यार्थियों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध शैक्षणिक सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए डिजिटल पहल करते हुए ऑनलाइन प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ओपीएमएस) और ऑनलाइन असाइनमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (ओएएमएस) शुरू किए हैं। अब विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट और असाइनमेंट ऑनलाइन जमा करवाने होंगे। इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर की वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ममता भाटिया और क्षेत्रीय निदेशक डॉ. शेर सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय का प्रयास मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं विद्यार्थी केन्द्रित सेवाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऑनलाइन प्रणालियों का अधिकाधिक उपयोग करने और निर्धारित समय सीमा में शैक्षणिक प्रक्रियाएं पूरी करने की अपील की। राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय हनुमानगढ़ में संचालित इग्नू अध्ययन केन्द्र-23139 के समन्वयक विनोद कुमार ने बताया कि ओपीएमएस के माध्यम से विद्यार्थी अपने प्रोजेक्ट, शोध कार्य, डिसर्टेशन, फील्ड वर्क और इंटर्नशिप रिपोर्ट सहित आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा करवा सकेंगे। वहीं, विभिन्न पाठ्यक्रमों के असाइनमेंट अब हार्डकॉपी में अध्ययन केन्द्र पर जमा नहीं करवाने होंगे, बल्कि ओएएमएस के माध्यम से ऑनलाइन जमा करवाने होंगे। उन्होंने बताया कि ओपीएमएस के तहत प्रोजेक्ट आदि जमा करवाने की अंतिम तिथि 30 नवम्बर तथा ओएएमएस के तहत असाइनमेंट जमा करवाने की अंतिम तिथि 20 नवम्बर निर्धारित की गई है। विद्यार्थी समर्थ पोर्टल पर अपनी लॉगइन आईडी और पासवर्ड दर्ज कर दोनों ऑनलाइन प्रणालियों का उपयोग कर सकते हैं। विनोद कुमार ने बताया कि इन डिजिटल व्यवस्थाओं से कागजी कार्यवाही कम होगी, समय की बचत होगी और असाइनमेंट प्रबंधन में पारदर्शिता आएगी। विद्यार्थी अपने प्रोजेक्ट एवं असाइनमेंट की स्थिति भी जान सकेंगे। ऑनलाइन सबमिशन के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि होने पर विद्यार्थी सबमिशन के समय से 72 घंटे के भीतर उसमें सुधार कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी ओपीएमएस एवं ओएएमएस संबंधी अधिक जानकारी के लिए अध्ययन केन्द्र पर संपर्क कर सकते हैं। विभिन्न सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए अध्ययन केन्द्र की ओर से संचालित टेलीग्राम चैनल से जुड़ने की भी अपील की गई है।
