– सरपंच प्रत्याशी कंचना देवी ने दाखिल किया नामांकन, गांव में करीब आधा दर्जन पुस्तकालय खोलने का किया वादा
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत मक्कासर से सरपंच प्रत्याशी कंचना देवी पत्नी भूप गोदारा ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान सुभाष गोदारा सहित कई समर्थक उनके साथ मौजूद रहे। भूप गोदारा ने बताया कि गांव में जोहड़ पायतन के पानी की समस्या बनी हुई है, वहीं नशे की समस्या भी भयावह रूप धारण कर चुकी है। 15-16 वर्ष की उम्र के बच्चे तक नशे की गिरफ्त में आकर सड़कों पर पड़े रहते हैं। यदि कंचना देवी सरपंच चुनी जाती हैं तो उनकी पहली प्राथमिकता गांव में नशे पर रोक लगाना और युवा पीढ़ी को सही रास्ते पर लाना रहेगा। उन्होंने कहा कि गांव में सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाना, स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करवाना और शिक्षा को बढ़ावा देना भी प्रमुख मुद्दे रहेंगे। इसके तहत गांव में करीब आधा दर्जन पुस्तकालय खोलने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही सरकार की योजनाओं को धरातल पर लागू करवाने तथा ग्रामीणों की पट्टों संबंधी समस्याओं का निस्तारण करवाने के लिए काम किया जाएगा। भूप गोदारा ने कहा कि उनका परिवार चौधरी हरीराम, कामरेड शोपत सिंह और पूर्व एसपी ताराचंद की विचारधारा एवं विरासत से जुड़ा रहा है। इन सभी ने गांव, शहर, जिले और जोन के विकास के साथ आपसी भाईचारे को हमेशा मजबूत बनाए रखा। उन्होंने कहा कि उनकी भी यही सोच है कि गांव में भाईचारा कायम रहे और युवा पीढ़ी सही दिशा में आगे बढ़े। अंत में उन्होंने ग्रामीणों से कंचना देवी को समर्थन देकर विजयी बनाने की अपील की।
