हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के चूना फाटक के पास सीवर चैम्बर लीकेज की समस्या नासूर बनकर रह गई है। अवगत करवाने पर ठेकेदार की ओर से सीवर चैम्बर की सफाई करवा दी जाती है लेकिन कुछ दिन बाद फिर वही हालात पैदा होने से सीवर का गंदा पानी सड़क किनारे भरा रहता है। इससे उठने वाली बदबू यहां के दुकानदारों व रेहड़ी लगाने वाले नागरिकों के लिए परेशानी खड़ी कर रही है।

सोमवार को भी सीवर चैम्बर लीकेज की सूचना पर पूर्व वार्ड पार्षद सुरेश धमीजा मौके पर पहुंचे और नगर परिषद अधिकारियों को दूरभाष के जरिए अवगत करवाया। इस नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता पहुंचे और मौका देखा। पूर्व पार्षद सुरेश धमीजा के अनुसार सीवरेज चैम्बर लीकेज की समस्या करीब एक साल से चली आ रही है। सीवर के गंदे पानी से बदबू उठने से आसपास का वातावरण दुर्गंधमय हो गया है।

दुकानदार व रहवासियों का जीना दूभर हो चुका है। पानी सड़क किनारे भरने से रेहड़ी लगाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद प्रशासक सहित अन्य अधिकारियों को समय-समय पर अवगत करवाया गया। अधिकारियों की ओर से बार-बार टीम भी भेजी गई और समाधान भी किया गया लेकिन कुछ समय बाद ही वह समस्या फिर पैदा हो रही है। समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया जा रहा। क्योंकि ठेकेदार स्थानीय की बजाए अन्य शहर का है। उसे इस क्षेत्र के बारे में जानकारी ही नहीं है। अवगत करवाने पर सुपरवाइजर गाड़ी लेकर आते हैं और चैम्बर खाली कर चले जाते हैं। लेकिन अगले दिन फिर वही हालात पैदा हो जाते हैं। दुकानदारों का अपनी दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों से मांग की कि इस समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाए।
