हनुमानगढ़। गांधीनगर फुट ओवरब्रिज निर्माण एवं सेकेंड टिकट विंडो तक आने-जाने के मार्ग को खोलने के संबंध में गांधीनगर विकास एवं रेल संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने सोमवार को उत्तर पश्चिम रेलवे हनुमानगढ़ के एईएन को ज्ञापन सौंपा। समिति अध्यक्ष विजय कौशिक ने कहा कि सेकेंड टिकट विंडो तीन साल से बंद पडी है। वहां टिकट घर पर टिकट की बिक्री शून्य है। इसका कारण गांधीनगर तरफ से टिकट घर तक जाने के रास्ते को अस्थाई दीवार बनाकर बंद कर देना है। उन्होंने बताया कि सेकेंड टिकट घर की तरफ जाने से लोग डरते हैं। रेलवे का सारा एरिया सुनसान पड़ा है।

गंदगी और झाड़-झंखाड़ उगे हुए हैं। वहां नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। लूटपाट-छीनाझपटी की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। पिछले कई माह से ऑफिस बंद पड़े हैं। रात को तो दूर की बात दिन में भी लोग जाने से डरते हैं। आठ से दस करोड़ की लागत से बने टिकट घर का कोई धणी-धोरी नहीं है। उन्होंने मांग की कि रेल अधिकारियों को संज्ञान लेते हुए सेकेंड टिकट विंडो तक आने-जाने के मार्ग को खोला जाना चाहिए। इसके साथ ही बंद पड़ा गांधीनगर फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य समिति पदाधिकारियों ने जल्द पूर्ण करवाने की मांग की। इस मौके पर पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह बराड़, समिति सचिव राजेन्द्र पाल सिंह, संयोजक गुरमेल खोसा, सह सरंक्षक राजकुमार रोहिल्ला मौजूद थे।
