हनुमानगढ़। ग्राम दो केएनजे के निवासियों को पंचायत की ओर से बनाए गए पट्टों का वितरण करवाने की मांग के संबंध में ग्रामीणों ने सोमवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। जनप्रतिनिधि रणवीर सिहाग के अनुसार दो केएनजे पूर्व में पंचायत थी। इसे वर्तमान में नगर परिषद में शामिल कर लिया गया है। पंचायत के समय दो केएनजे के निवासियों के आवासीय पट्टे बनकर पूर्ण रूप से तैयार हो चुके थे, जो वर्तमान में बंद पड़ी पंचायत घर में रखे हुए हैं।

सिहाग के अनुसार अब सरकार की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के फार्म भरवाए जा रहे हैं। ग्राम दो केएनजे में 80 प्रतिशत लोग मजदूर हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में पट्टा अनिवार्य है। पट्टा न होने के कारण अधिकांश लोग सरकारी योजना से वंचित रह गए हैं। उन्होंने जिला कलक्टर से मांग की कि पंचायत समिति अधिकारियों को आदेश दिया जाए कि जो पट्टे वर्तमान में बनकर तैयार हो चुके हैं, वह दो केएनजे के निवासियों को वितरण किए जाएं ताकि वहां के नागरिक प्रधानमंत्री आवास योजना में तथा अन्य सरकार की योजनाओं में आवेदन कर उनका लाभ उठा सकें। इस मौके पर राजेन्द्र सुथार, मंगतूराम पूनिया, सोनू, बृजलाल, लोकेश सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
