हनुमानगढ़। गांधीनगर, भट्ठा कॉलोनी, लोको कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्र के नागरिकों के बाजार में आने-जाने के लिए कई सालों से बंद पड़े रेलवे फुटब्रिज को पुन: शुरू करने की मांग उठी है। इस संबंध में सोमवार को गांधीनगर, भट्ठा कॉलोनी व आसपास के क्षेत्र के नागरिकों ने उत्तर पश्चिम रेलवे हनुमानगढ़ के एईएन को ज्ञापन सौंपा। सुरेन्द्र खटीक के अनुसार जंक्शन की एक बड़ी आबादी रेलवे स्टेशन के उस पार रहती है।

इसमें गांधीनगर, भट्ठा कॉलोनी, लोको कॉलोनी आदि एरिया के नागरिकों को बाजार आने-जाने के लिए रेलवे की ओर से वर्षांे पूर्व फुटब्रिज का निर्माण किया गया था जिसे रेलवे की ओर से गत दिनों बिना किसी सूचना व बिना वैकल्पिक मार्ग के बंद कर दिया गया।

इसके कारण यहां से गुजरने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अपनी जान को जोखिम में डाल कर रेलवे लाइन क्रॉस कर बाजार की ओर आना-जाना पड़ रहा है। वहीं छोटे बच्चे जिन्हें स्कूल आना-जाना होता है वे भी अपनी जान जोखिम में डाल कर रेलवे लाइन क्रॉस कर स्कूल आना-जाना कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अनहोनी होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

वहीं स्टेशन से गुजरने पर रेलवे कार्मिकों के दुर्व्यवहार से आमजन को अपमानित होना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि बंद पड़े इस पुल को पुन: आम जनता के लिए खोला जाए या निर्माणाधीन पुल को तुरंत चालू कर आमजन को राहत प्रदान की जाए। इस मौके पर आमिर खान, शाहरूख कुरैशी, गोविन्दा, श्रवण, सीताराम, शंकरलाल, असलम, फिरोज खान, हरीश, खुशी अमलानी, अंशुमन, शाहिद खान सहित कई नागरिक मौजूद थे।
