ऐलनाबाद। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर माय भारत केंद्र, सिरसा (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा रविवार को पदयात्रा एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः शहीद भगत सिंह खेल परिसर से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन में जिला खेल कार्यालय का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी धनपत ने युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वयं मतदान करें और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें, ताकि लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान सुरेंद्र सिंह ने उपस्थित प्रतिभागियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई और मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। शपथ के पश्चात मतदाता जागरूकता पदयात्रा निकाली गई, जिसका उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। पदयात्रा के दौरान लोकतंत्र, मतदान एवं राष्ट्र निर्माण से संबंधित प्रेरणादायक नारे लगाए गए। इस अवसर पर कोच खजान सिंह एवं कोच हरविंदर सिंह की भी उपस्थिति रही।
