टिब्बी। कस्बे के मुख्य मार्ग अंबेडकर चौक से पेट्रोल पंप तक की सड़क इन दिनों राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण यहाँ आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। इसी क्रम में बुधवार, 28 जनवरी को एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। मस्जिद के सामने चाय की दुकान चलाने वाले संतलाल वर्मा सड़क के दूसरी ओर चाय देने जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में संतलाल का पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया है। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य के बिस्तर पर आने से पूरे परिवार पर आर्थिक संकट के बादल मंडराने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है; वाहनों की बेलगाम रफ्तार यहाँ रोजाना छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए व्यापार मंडल संस्था, टिब्बी ने उपखंड अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा पुख्ता करने की अपील की है। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने मांग की है कि अंबेडकर चौक से पेट्रोल पंप तक के संवेदनशील हिस्सों पर तुरंत उच्च गुणवत्ता वाले स्पीड ब्रेकर और उचित संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही वाहनों की गति पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा जनहानि का मामला सामने आ सकता है। ज्ञापन सौंपते वाले प्रतिनिधि मंडल में व्यापार मंडल संस्था अध्यक्ष विजय नोखवाल के साथ सचिव राजकुमार भटेजा,लवली गोयल, अशोक सिडाना, एडवोकेट सुभाषचंद्र गर्ग, इंद्रजीत सिंह ,महावीर वर्मा आदि मौजूद रहे।
