हनुमानगढ़। श्री विश्वकर्मा जयंती के मौके पर शनिवार को टाउन में इंदिरा चौक स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर का 52वां वार्षिकोत्सव मनाया गया। इस मौके पर श्री विश्वकर्मा मंदिर समिति की ओर से कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत पुजारी दिनेश पांडेय एवं राकेश पांडेय की ओर से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-यज्ञ सम्पन्न कराया गया। इस दौरान मुख्य यजमान के रूप में पूर्व पार्षद लीलाधर पारीक मौजूद रहे। हवन कुंड में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने आहुतियां अर्पित कर भगवान विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि की कामना की। हवन यज्ञ के पश्चात भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें आमंत्रित कलाकारों एवं संगीतकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर भगवान विश्वकर्मा की लीलाओं एवं उनके सृजनात्मक योगदान को दर्शाती झांकियां सजाई गईं। झांकियों ने भगवान विश्वकर्मा के शिल्प और निर्माण कौशल को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इसके अलावा सुबह से शाम तक भंडारा लगाया गया। मंदिर समिति अध्यक्ष साधुराम जांगिड़ ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का महान शिल्पकार माना जाता है। आधुनिक युग में हो रहे समस्त निर्माण कार्य उनकी कृपा से ही संभव हैं, इसलिए हस्तशिल्पी, राजमिस्त्री, इंजीनियर एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोग श्रद्धापूर्वक उनकी जयंती मनाते हैं। इस मौके पर समिति संरक्षक बग्गा सिंह, उपप्रधान दर्शन सिंह, सचिव देशराज मांडण, कोषाध्यक्ष जरनैल सिंह, बिहारी लाल सुथार, सुरजाराम, बलविंद्र सिंह, बाबूलाल जांगिड़, कुलदीप सिंह, केवलकृष्ण, प्रकाश जांगिड़, थान सिंह, बजरंग शर्मा, विष्णु गुप्ता, राजू जाखड़, सीताराम बड़वा मौजूद रहे।
