रावतसर। नरेश सिगची ग्रामीण राजस्थान में शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार की अलख जगा रही अनमोल मल्टीपर्पज एक्टीविटीज एण्ड सोशल सर्विसेज सोसाइटी पिछले 18 वर्षों से निस्वार्थ भाव से युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। यह संस्था आज न केवल रावतसर बल्कि हनुमानगढ़, गंगानगर सहित आसपास के क्षेत्रों में रोजगार प्रशिक्षण की एक सशक्त पहचान बन चुकी है। संस्था के डायरेक्टर लाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अनमोल एनजीओ द्वारा अब तक हजारों ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को सिलाई-कटिंग, ब्यूटी पार्लर, कम्प्यूटर शिक्षा (आरएससीआईटी), मधुमक्खी पालन, कम्पोस्टिंग सहित विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थियों को स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए हैं। स्किल डेवलपमेंट और महिला सशक्तिकरण को अपना मूल उद्देश्य मानते हुए संस्था ने हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में दो आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों पर अब तक 240 से अधिक महिलाओं को सिलाई-कटिंग का प्रशिक्षण देकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए सक्षम बनाया गया है। वहीं, ब्यूटी पार्लर कोर्स के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। संस्था द्वारा 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को चार माह का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

प्रशिक्षण के दौरान केवल तकनीकी कौशल ही नहीं, बल्कि जीवन कौशल, संचार क्षमता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और लैंगिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे महिलाएं सामाजिक और आर्थिक दोनों रूप से सशक्त बन सकें। डिजिटल युग की आवश्यकता को समझते हुए अनमोल सोसाइटी द्वारा राजस्थान नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अंतर्गत संचालित आरएससीआईटी कोर्स के माध्यम से युवाओं को कम्प्यूटर और डिजिटल साक्षरता का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इस पहल ने गांवों में तकनीकी शिक्षा की रोशनी फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब तक सैकड़ों बेरोजगार युवक-युवतियाँ इस कोर्स से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार से जुड़ चुके हैं। इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा भारत सरकार के एमएसएमई विभाग के सहयोग से संचालित “अनमोल मधुमक्खी पालन क्लस्टर” भी ग्रामीण आजीविका का मजबूत आधार बन रहा है। इस योजना के अंतर्गत रावतसर व आसपास के क्षेत्रों के 250 से अधिक किसानों को मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण देकर उनकी आय बढ़ाने और स्वरोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। डायरेक्टर लाल सिंह ने बताया कि अनमोल मल्टीपर्पज एक्टीविटीज एण्ड सोशल सर्विसेज सोसाइटी का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं में आत्मनिर्भरता की भावना जागृत करना और उन्हें स्थानीय स्तर पर सम्मानजनक रोजगार से जोड़ना है। संस्था भविष्य में और अधिक गांवों तक अपने प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार कर रोजगार सृजन के इस अभियान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की योजना पर कार्य कर रही है। अनमोल एनजीओ का यह सतत प्रयास रावतसर सहित पूरे राजस्थान में “रोजगार की नई रोशनी” के रूप में पहचाना जा रहा है, जो ग्रामीण भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रहा है।
