हनुमानगढ़। तहसील टिब्बी के चक 3 सीडीआर निवासी एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। जमीन सौदे से जुड़े रुपयों के लेन-देन को लेकर अपहरण अथवा अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में युवक के पिता ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मुकदमा दर्ज करवाने की मांग की। तहसील टिब्बी के चक 3 सीडीआर निवासी सेवा सिंह पुत्र सुन्दर सिंह ने बताया कि उसकी चक 4 सीडीआर में तीन बीघा कृषि भूमि थी, जिसे बेचने के लिए उसने मिता सिंह के माध्यम से सुरजन सिंह पुत्र वीर सिंह निवासी खाराखेड़ा से छह लाख रुपए में इकरारनामा किया था। इस सौदे के तहत सुरजन सिंह से एक लाख रुपए की साई राशि उसे मिल चुकी थी। सेवा सिंह के अनुसार शेष चार लाख रुपए उसने अपनी सुरक्षा की दृष्टि से मिता सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी खाराखेड़ा के घर पर रखवाए थे। गत 27 जनवरी को उसका पुत्र रामदास घर से यह कहकर निकला कि वह मिता सिंह के घर से बकाया रकम लेकर वापस आ रहा है, लेकिन इसके बाद से वह लापता है। सेवा सिंह ने बताया कि अपने स्तर पर तलाश करने पर मिता सिंह ने यह कहा कि उसने उक्त चार लाख रुपए राजू पुत्र खेमी निवासी खाराखेड़ा को उसके घर पर दे दिए थे और रामदास वहां से अपने घर के लिए निकल गया था। हालांकि इसके बाद से राजू, मिता सिंह और रामदास तीनों का कोई पता नहीं चल पाया है। सेवा सिंह ने बताया कि इस संबंध में उसने टिब्बी पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। उसे आशंका है कि मिता सिंह व राजू ने रुपयों के लालच में उसके पुत्र का अपहरण कर लिया है या उसके साथ कोई अनहोनी घटना घटित की है। सेवा सिंह ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि टिब्बी पुलिस थाना को तत्काल मामला दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, उसके पुत्र की बरामदगी कराने तथा शेष चार लाख रुपए दिलवाने के आदेश दिए जाएं।
