हनुमानगढ़। शहर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब तौलिया सर धाम से लाई गई पावन जोत की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा क्षेत्र भैरवनाथ के जयकारों से गूंज उठा। भक्तिमय वातावरण में निकली इस शोभायात्रा ने शहर को आध्यात्मिक रंगों में रंग दिया। यह शोभायात्रा दुर्गा कॉलोनी, बस स्टैंड, मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकाली गई। शोभायात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा की गई और भैरवनाथ के स्वागत में दीप प्रज्वलित किए गए।शोभायात्रा की विशेष बात यह रही कि इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में, सिर पर कलश धारण कर, भजन-कीर्तन करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुईं।

कलश यात्रा ने पूरे आयोजन को और भी पवित्र और दिव्य स्वरूप प्रदान किया।महिलाओं द्वारा “जय भैरवनाथ”, “बाबा भैरव की जय” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।श्रद्धालुओं का कहना था कि इस प्रकार की यात्राएं समाज में धार्मिक चेतना और आपसी भाईचारे को मजबूत करती हैं। शोभायात्रा का समापन हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन के बाहर किया गया, जहां भैरवनाथ युवा समिति द्वारा निर्मित नवनिर्मित भैरवनाथ मंदिर का विधिवत निर्माण किया गया है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने भैरवनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर परिसर को फूल-मालाओं और रोशनी से सजाया गया था। भैरवनाथ युवा समिति के पदाधिकारी अमित अरोड़ा एवं विक्की पुरोहित ने बताया कि “मंदिर शुभारंभ के उपलक्ष्य में 3 फरवरी से 7 फरवरी तक विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।”उन्होंने बताया कि इन दिनों सुबह और शाम को दांपत्य जोड़ों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना करवाई जा रही है। अनुष्ठान के दौरान भजन-कीर्तन, आरती और विशेष पाठ आयोजित किए जा रहे हैं।

अनुष्ठान के दौरान भैरवनाथ के भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। शोभा यात्रा में “तेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, भैरवनाथ आएंगे…”जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। भजन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिरस में डुबो दिया। बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी भक्ति में लीन नजर आए। भैरवनाथ युवा समिति के अनुसार, अनुष्ठानों का समापन 7 फरवरी को होगा। 7 फरवरी को सुबह 8:15 बजे महा स्नान भैरवनाथ जी की मूर्ति स्थापना इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है। समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा में युवाओं की टोली, ढोल-नगाड़े, भगवा ध्वज और जयकारों ने शहर को धर्ममय बना दिया। इस मौके पर निवर्तमान पार्षद हिमांशु महर्षि,गोपाल शर्मा शेरू,नरेश पुरोहित,प्रदीप बिस्सा,हेमंत शर्मा,हैप्पी पुरोहित,अमित बंसल,मनीष सेन,राजकुमार चौधरी,अशोक पुरोहित,दिनेश मासा,पंकज स्वामी,विजय सेन,संजीव शर्मा, शुभम बावड़ी,रमन स्वामी,बादल, बीजू, प्रेम दायमा,सचिन, कपिल शर्मा,नारायण नायक,अमित तिवाड़ी सहित सैकड़ो श्रद्धालु मौजूद थे।
