हनुमानगढ़। टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में चल रहे खेल सप्ताह संगम क्रीड़ा का शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समारोहपूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. सीताराम ने की। अंतिम दिन सांस्कृतिक/पारम्परिक वेशभूषा, एकल गायन, एकल नृत्य और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।


सांस्कृतिक/पारम्परिक वेशभूषा प्रतियोगिता में छात्रा वर्ग में कविता ने प्रथम, प्रियंका ने द्वितीय तथा नम्रता व द्रोपती ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, छात्र वर्ग में प्रदीप विजेता रहे। इसी प्रकार एकल नृत्य और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में द्रोपती ने अपनी शानदार प्रस्तुति से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एकता द्वितीय और कविता तृतीय स्थान पर रहीं। एकल गायन में दिनेश कुमार प्रथम व मीनाक्षी द्वितीय स्थान पर रहे।

प्राचार्य डॉ. सीताराम ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन छात्र-छात्राओं के भीतर छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं और उनमें आत्मविश्वास का संचार करते हैं।

उन्होंने सभी विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मंच संचालन सहायक आचार्य निखिल सिगची एवं क्रांति गिला ने किया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका सह-आचार्य डॉ. केबी ओझा एवं पुस्तकालयाध्यक्ष नीरज ने निभाई। इस मौके पर सहायक आचार्य डॉ. बृजेश अग्रवाल, डॉ. मोहम्मद इमरान, अशोक कुमार, हरीश कुमार, विकास चौधरी, डॉ. दिनेश खोथ एवं नरेश कुमार, मीनाक्षी धूड़िया और श्रवण कुमार मौजूद रहे।
