हनुमानगढ़। टाउन के पंजाबी मोहल्ला स्थित शीला माता मंदिर के समीप चित्रकूट नगर पार्क में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सनातनी धर्मावलंबियों ने हिस्सा लेकर धर्म, संस्कृति और राष्ट्र विषयों पर विचार-मंथन किया। आयोजन का उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट करना, सनातन संस्कृति के मूल्यों पर चर्चा करना तथा वर्तमान समय में हिंदू सम्मेलनों की प्रासंगिकता को रेखांकित करना रहा।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि महंत गंगादास महाराज रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह नीरज शर्मा मौजूद रहे। मुख्य वक्ता नीरज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज यह प्रश्न समाज के सामने है कि सनातनी हिंदू राष्ट्र में हिंदू सम्मेलन की आवश्यकता क्यों पड़ी। इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिदृश्य में हिंदू समाज को अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं के प्रति सजग एवं संगठित रहना होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सनातन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक भूमिका निभाएं। मुख्य अतिथि महंत गंगादास महाराज ने धर्म, सेवा और संस्कारों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं और आपसी समरसता को सुदृढ़ करते हैं।


इससे पूर्व भजन श्रृंखला में पंडित गिरिराज शर्मा की ओर से प्रस्तुत भावपूर्ण भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया और वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस मौके पर प्रदीप ऐरी, एडवोकेट जोधा सिंह, सुरेंद्र सिंह राजावत, तेजेंद्र सिंह, राजेश गोयल, अर्जुन कंदोई, मनमोहन जिंदल, पवन शर्मा, सरदारी लाल, प्रभुदयाल जांगिड़, कमलेश शर्मा, बंशीधर स्वामी, डॉ. विजय सक्सेना, गोविंद मौर्य, प्रवीण मोदी, रघुवीर स्वामी, प्रदीप, डॉ. निशांत बतरा, भवानी सिंह, करण, सावन, युवराज, विपिन शर्मा, विवेक तथा श्रीकृष्ण वर्मा मौजूद रहे। मंच संचालन प्रदीप शर्मा ने किया।
